*एग्रीस्टेक में एक भी पात्र किसान पंजीयन से न छूटे-कलेक्टर*
*डीसीएस-बकेट क्लेम में तेजी के साथ केलो नहर प्रभावितों की समस्याएं प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश*
*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय*
*हर घर मुनगा अभियान को गति देने और नदियों-सड़कों को प्रदूषण मुक्त रखने प्रभावी कार्ययोजना पर जोर*
रायगढ़, 5 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में राजस्व सहित विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिक योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन की विशेष रूप से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान बेचने वाला कोई भी पात्र किसान एग्रीस्टेक में पंजीयन से वंचित नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी मैदानी अमले के साथ पंजीयन की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने डीसीएस फेस-1 एवं फेस-2 तथा बकेट क्लेम के कार्यों में प्रगति लाने और मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि केलो नहर परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने परियोजना के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के साथ कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने विद्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं एमबीयू की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा मिशन की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने तथा प्रत्येक घर में मुनगा पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में श्रमिक परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संचालित समग्र उत्थान मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
*सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण जरूरी*
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने और शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण निराकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने, अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अघोषित बिजली कटौती की समस्या के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जर्जर भवनों को चिन्हांकित कर आवश्यकतानुसार डिस्मेंटल की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भवनों का निरीक्षण कर ऐसे भवनों की पहचान करने को कहा गया, जहां दुर्घटना की आशंका हो, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
*नदियों और सड़कों की स्वच्छता पर विशेष जोर*
कलेक्टर ने जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए नदियों एवं सड़कों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम एवं सुश्री शिल्पा भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
एग्रीस्टेक में एक भी पात्र किसान पंजीयन से न छूटे-कलेक्टर
RELATED ARTICLES

